मुंबई, 11 अक्टूबर, (न्यूज़ हेल्पलाइन)। पश्चिम बंगाल के पश्चिम बर्धमान जिले के दुर्गापुर में एक निजी मेडिकल कॉलेज की सेकंड ईयर की छात्रा से गैंगरेप का मामला सामने आया है। यह घटना शुक्रवार रात उस समय हुई, जब पीड़िता अपने एक पुरुष दोस्त के साथ डिनर के बाद लौट रही थी। रास्ते में तीन लोगों ने उनका रास्ता रोका। छात्रा के मुताबिक, उसका दोस्त मौके से भाग गया और आरोपियों ने उसे अकेला पाकर उसके साथ दरिंदगी की। पुलिस के अनुसार, पीड़िता ओडिशा के जलेश्वर की रहने वाली है और फिलहाल पास के एक अस्पताल में भर्ती है। छात्रा ने बताया कि आरोपियों ने पहले उसका मोबाइल छीन लिया और फिर उसे एक सुनसान इलाके में ले जाकर रेप किया। उन्होंने उसे धमकी दी कि अगर उसने घटना के बारे में किसी को बताया तो उसे गंभीर अंजाम भुगतने होंगे। बाद में उन्होंने उसका फोन लौटाने के बदले पैसे भी मांगे।
घटना की जानकारी देर रात छात्रा के माता-पिता को दी गई। वे शनिवार सुबह दुर्गापुर पहुंचे और न्यू टाउनशिप थाने में अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कराया। पुलिस ने बताया कि पीड़िता का बयान दर्ज कर लिया गया है और उसके दोस्त से भी पूछताछ की जा चुकी है। साथ ही, CCTV फुटेज की जांच की जा रही है और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से सबूत इकट्ठा करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। अभी तक किसी आरोपी की पहचान या गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। पीड़िता के पिता ने कॉलेज प्रशासन पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि कॉलेज में सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं हैं। उन्होंने बताया कि उन्होंने यह सोचकर अपनी बेटी को यहां पढ़ाई के लिए भेजा था कि कॉलेज सुरक्षित है, लेकिन अब उन्हें अपनी बेटी की सुरक्षा पर भरोसा नहीं रहा।
इस घटना के बाद राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) ने स्वत: संज्ञान लेते हुए एक टीम को दुर्गापुर भेजने का फैसला किया है। आयोग की सदस्य अर्चना मजूमदार ने कहा कि बंगाल में महिलाओं के खिलाफ अपराध लगातार बढ़ रहे हैं और पुलिस की निष्क्रियता चिंता का विषय है। उन्होंने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से इस मामले में तुरंत कार्रवाई की मांग की। दुर्गापुर की यह घटना 2024 में कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज में हुई रेप-मर्डर की वारदात की याद दिलाती है। उस मामले में एक ट्रेनी डॉक्टर की हत्या से पूरे देश में आक्रोश फैल गया था। आरोपी सिविक वॉलंटियर संजय रॉय को जनवरी 2025 में उम्रकैद की सजा सुनाई गई थी। हाल ही में जारी राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (NCRB) की रिपोर्ट के मुताबिक, वर्ष 2023 में महिलाओं के खिलाफ अपराध के मामलों में पश्चिम बंगाल देश में चौथे स्थान पर रहा। रिपोर्ट बताती है कि पूरे देश में इस दौरान महिलाओं से जुड़े 4 लाख 48 हजार से अधिक मामले दर्ज हुए, जिनमें सबसे अधिक केस घरेलू हिंसा, अपहरण, बलात्कार और छेड़छाड़ से जुड़े थे।